काशी की सुरधारा पं. छन्नू लाल मिश्र के स्वास्थ्य पर सरकार की नज़र – आयुष मंत्री ने लिया हाल, हरसंभव मदद का भरोसा

देश के सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक और पद्म विभूषण से सम्मानित पं. छन्नू लाल मिश्र की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बीएचयू के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की देखरेख में उन्हें आईसीयू में रखा गया है।

रविवार को प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु बीएचयू पहुँचे और पं. मिश्र के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने उनकी सुपुत्री डॉ. नम्रता मिश्र एवं डॉ. अजीत सहगल से मुलाक़ात कर सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

आयुष मंत्री ने बीएचयू अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि उपचार और देखभाल में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा:

“पं. छन्नू लाल मिश्र काशी ही नहीं, बल्कि पूरे देश की महान सांस्कृतिक धरोहर हैं। महादेव से प्रार्थना है कि वे शीघ्र स्वस्थ हों।”

जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि पं. छन्नू लाल मिश्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रस्तावक रहे हैं। उन्हें वर्ष 2010 में पद्म भूषण और 2021 में पद्म विभूषण सम्मान से नवाज़ा गया था।
संगीत जगत में उनकी गहन साधना और योगदान ने काशी की गौरवशाली परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाई है।

About The Author

Share the News