वाराणसी में रिश्तेदार की हत्या का खुलासा: अवैध संबंधों के शक में दोस्त संग मिलकर की साजिश, दशाश्वमेध पुलिस ने दो अभियुक्तों को दबोचा

अवैध संबंधों की आशंका ने एक रिश्तेदार की जिंदगी छीन ली। थाना दशाश्वमेध पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या कांड का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की मानें तो आरोपितों ने अपने ही रिश्तेदार विशाल कुमार का अपहरण कर शराब पार्टी के बहाने गंगा नदी के पुल पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी और शव को नदी में फेंक दिया।

कैसे हुआ खुलासा

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और गंभीर मामलों के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दशाश्वमेध पुलिस और सर्विलांस टीम ने यह सफलता हासिल की। 02 सितंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामचंदीपुर पुल, सारनाथ से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त हैं –

  1. विरु कुमार (25 वर्ष), पुत्र राज कुमार, निवासी ग्राम गौरा उपरवार, थाना चौबेपुर।
  2. दिलीप कुमार (22 वर्ष), पुत्र स्व. कलिन्दर कुमार, निवासी ग्राम मुरीदपुर, थाना चौबेपुर।

साजिश की कहानी

पूछताछ में अभियुक्त दिलीप ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसका दोस्त विरु अपने रिश्तेदार विशाल कुमार से नाराज़ था क्योंकि उसे शक था कि विशाल का उसकी भाभी से अवैध संबंध है। इस शक ने उसे हत्या की साजिश रचने पर मजबूर कर दिया।

3 अगस्त 2024 को विरु ने अपने दोस्त दिलीप को योजना में शामिल किया। दोनों ने विशाल को फोन कर पार्टी के बहाने बुलाया। रास्ते में शराब खरीदकर उसे ज्यादा मात्रा में पिलाया गया। इसके बाद तीनों रामचंदीपुर पुल पहुंचे, जहाँ विरु ने चाकू से विशाल पर हमला किया और दोनों ने मिलकर घायल विशाल को पुल से नीचे गंगा नदी में फेंक दिया। आरोपितों ने घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोबाइल फोन भी नदी में फेंक दिया था।

बरामदगी और कार्रवाई

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (UP65 BK 0493) को बरामद कर लिया है। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा संख्या 156/2025, धारा 103(1)/61(2)(A), 140(1), 238 बीएनएस थाना दशाश्वमेध में दर्ज है।

पुलिस टीम की भूमिका

गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, सर्विलांस टीम और कई उपनिरीक्षक व सिपाहियों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस आयुक्त ने टीम को सराहना दी है।

About The Author

Share the News