मुख्यमंत्री के वाराणसी दौरे को लेकर पुलिस कमिश्नरेट अलर्टड्रोन से होगी निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर तैनात होगी रूफटॉप ड्यूटी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 29 व 30 अगस्त को प्रस्तावित वाराणसी आगमन, भ्रमण और अवस्थान कार्यक्रम के दृष्टिगत पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को विस्तृत ब्रीफिंग कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही, कार्यक्रम स्थल और मार्ग पर ड्रोन कैमरों से सतत निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य निर्देश:

  • असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर।
  • होटल, ढाबों और ठहराव स्थलों की गहन चेकिंग की जाएगी।
  • सभी व्यक्तियों के पहचान पत्रों की अनिवार्य रूप से जांच होगी।
  • वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा।
  • गलियों और कटों पर भीड़ नियंत्रण हेतु रस्सों का प्रयोग किया जाएगा।
  • सभी प्रभारी अधिकारी अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करेंगे और लाउड-हेलर सहित पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखेंगे।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश सिंह सहित वाराणसी कमिश्नरेट और बाहरी जनपदों से आए सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारियों व अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री के वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस दोनों ही स्तर पर चौकन्ना रुख अपनाए हुए हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो।

About The Author

Share the News