राहुल गांधी रायबरेली से लड़ेंगे चुनाव

भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह से होगा मुकाबला; कांग्रेस ने अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को उतारा
~~~
कांग्रेस नेता राहुल गांधी मां सोनिया की सीट रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने उनके नाम का ऐलान कर दिया है। प्रियंका गांधी चुनाव नहीं लड़ेंगी। वहीं, अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को उतारा है।
भाजपा ने रायबरेली से योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दे दिया है, जबकि अमेठी से स्मृति ईरानी लड़ रही हैं।
पहले कांग्रेस नेताओं ने राहुल के अमेठी और प्रियंका के रायबरेली से लड़ने की बात कही थी। हालांकि, प्रियंका चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं हुई। रायबरेली-अमेठी सीट पर नामांकन की आखिरी डेट 3 मई है। यानी आज ही राहुल गांधी नामांकन भी करेंगे।

अमेठी में राहुल को हो सकती थी मुश्किल

स्मृति ईरानी को भाजपा ने 2 महीने पहले ही अमेठी से मैदान में उतार दिया था। स्मृति वहां लगातार चुनाव प्रचार कर रहीं हैं। जबकि राहुल अभी तक एक भी बार अमेठी नहीं गए हैं। ऐसे में कांग्रेस को इस बात का भी डर था कि अमेठी से राहुल गांधी को जीतने में मुश्किल हो सकती है।
जबकि रायबरेली में सीन अलग है। 2019 की मोदी लहर में भी रायबरेली से सोनिया गांधी ने जीत दर्ज की थी। रायबरेली में 20 बार चुनाव हुए हैं। इसमें 17 बार कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। राजनीतिक एक्सपर्ट बताते हैं कि अमेठी की तुलना में राहुल के लिए रायबरेली जीतना आसान है। इसलिए, कांग्रेस पार्टी ने उन्हें रायबरेली से उतारा है।

प्रियंका चुनावी मैदान में क्यों नहीं उतरी

राजनीतिक एक्सपर्ट बताते हैं कि प्रियंका गांधी अभी सीधे राजनीति में नहीं उतरना चाहती है। बजाय इसके वह राहुल गांधी को सपोर्ट करना चाहती है। प्रियंका ने यह भी कहा था कि सभी का चुनाव लड़ना ठीक नहीं? वही, रॉबर्ट वाड्रा भी चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। ऐसे में प्रियंका चुनाव लड़तीं, तो फिर पार्टी में रॉबर्ट को लेकर नैतिक दबाव बन सकता है।

उपचुनाव में प्रियंका मैदान में उतर सकती हैं

राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। अगर वह वायनाड और रायबरेली दोनों जगह से चुनाव जीतते हैं, तो एक सीट से उनको इस्तीफा देना होगा। राजनीतिक एक्सपर्ट का मानना है कि संभावना है कि राहुल वायनाड या रायबरेली की एक सीट छोड़ दें और वहां से प्रियंका मैदान में उतर सकती हैं।

About The Author

Share the News