पिंडरा। सिंधोरा थाना क्षेत्र के भदेवली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से शिक्षक रमेश चंद भारती व उनकी पत्नी चमेला देवी की हुई दर्दनाक मौत के बाद रविवार को पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री आपदा राहत निधि से स्वीकृत 8 लाख रुपये का प्रमाण पत्र मृतक दम्पति के पुत्र विशेष भारती को सौंपा।
रविवार अपराह्न में विधायक डॉ. अवधेश सिंह के साथ एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, बीएसए अनुराग श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव व बीईओ विजय प्रकाश यादव मृतक के घर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शोक संदेश पढ़कर सुनाया और परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
इसके बाद जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने आकाशीय बिजली से झुलसे लोगों का हाल भी जाना। सिंधोरा स्थित एक अस्पताल में भर्ती जाठी निवासी सुरेश चौहान की पुत्री मनीता से मिलकर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, अभिषेक राजपूत, मंडल अध्यक्ष बसन्त उपाध्याय, सोमनाथ सिंह, तहसील बार के पूर्व अध्यक्ष उदयनाथ भारती, शिक्षक योगेंद्र पाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

More Stories
डीएम की मौजूदगी में क्रॉप कटिंग, मुर्दहा में गेहूं उत्पादन का सटीक आंकलन
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एयर इंडिया ने इजरायल के लिए उड़ानें 31 मई तक रद्द कीं
न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज, जमीन बैनामा में धोखाधड़ी का आरोप