न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज, जमीन बैनामा में धोखाधड़ी का आरोप

पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार निवासी उमेश जायसवाल की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद जमीन बैनामा में धोखाधड़ी और धमकी के आरोप में समोगरा निवासी इंस्पेक्टर पटेल एवं अनीता पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़ित उमेश जायसवाल ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी जमीन का सौदा 24 लाख रुपये में तय किया था। आरोप है कि 2 दिसंबर 2025 को तहसील पिंडरा में बैनामा के दौरान विपक्षियों ने दस्तावेज में रकम और जमीन के रकबे में हेराफेरी कर दी। दस्तावेज में केवल 15 लाख रुपये दर्ज किए गए और जमीन का रकबा भी वास्तविक से अधिक दिखाया गया।

पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए हस्ताक्षर से इनकार किया तो आरोपियों ने दबाव बनाते हुए गला दबाकर जबरन साइन कराने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।

बताया गया कि 3 दिसंबर को पंचायत के माध्यम से दोबारा समझौते की कोशिश हुई, लेकिन आरोपियों ने बाद में उस पर सहमति नहीं जताई और पुराने दस्तावेज पर ही दबाव बनाते रहे। साथ ही 8 दिसंबर को घर पहुंचकर दोबारा धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित ने पुलिस आयुक्त कार्यालय और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने की बात कही, जिसके बाद उसे अदालत का सहारा लेना पड़ा।

फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर इंस्पेक्टर पटेल और अनीता पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक राम सिंह को सौंपी गई है।

About The Author

Share the News