वाराणसी। नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने 24 मार्च 2026 को वरुणापार जोन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, नागरिक सुविधाओं तथा विभिन्न पटल पर संचालित कार्यों का गहन मूल्यांकन किया।
नगर आयुक्त ने नामांतरण, पीला कार्ड जारी करने की प्रक्रिया, डिमांड एवं असेसमेंट रजिस्टर तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य पारदर्शी एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को त्वरित और बेहतर सेवाएं मिल सकें।
टैक्स कलेक्शन कंप्यूटर कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां उपस्थित करदाताओं से सीधे संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली। नागरिकों ने किसी प्रकार की समस्या न होने की बात कहकर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में पड़े अनावश्यक स्क्रैप को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे परिसर स्वच्छ और सुव्यवस्थित बना रहे। जन्म-मृत्यु पंजीकरण पटल पर विशेष ध्यान देते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि कोई भी आवेदन 15 दिनों से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने सभी कर्मचारियों को कार्य के दौरान अनिवार्य रूप से पहचान पत्र धारण करने के निर्देश दिए, जिससे आम नागरिकों को संबंधित कर्मचारी तक पहुंचने में आसानी हो।
नगर आयुक्त ने दोहराया कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को सुगम, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना है। इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग आगे भी जारी रहेगी।

More Stories
काशी विश्वनाथ मंदिर में ‘सुगम दर्शन’ के नाम पर ठगी का खुलासा
काशी में नवरात्र सप्तमी पर भक्ति का अद्भुत संगम, माता विशालाक्षी को अर्पित हुआ विशेष श्रृंगार
वाराणसी में घर-घर पहुंचेगी PNG गैस, एलपीजी झंझट से मिलेगी राहत