वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित यू.पी. कॉलेज परिसर में हुए सनसनीखेज छात्र हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छात्र सूर्यप्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को पुलिस ने शनिवार भोर में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम (शिवपुर पुलिस एवं एस.ओ.जी.) ने घेराबंदी कर आरोपी को रामेश्वर महादेव इंटर कॉलेज, शिवपुर के पास से दबोच लिया।
रैगिंग विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी मंजीत चौहान (20 वर्ष) ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक सूर्यप्रताप सिंह और उसके साथी उसे रैगिंग के नाम पर अक्सर प्रताड़ित करते थे।
घटना वाले दिन भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने अपने साथी अनुज सिंह के साथ मिलकर प्रशासनिक भवन के पास 4-5 राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से सूर्यप्रताप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
सर्विलांस और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद भागते समय आरोपी छत से कूदकर घायल हो गया था और इलाज के लिए जाते समय पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
हथियार व कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की है—
01 अवैध पिस्टल
01 जिंदा कारतूस (7.65 एमएम)
04 खोखा कारतूस
01 बुलेट
फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।
फरार आरोपी की तलाश जारी
प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। वहीं, इस हत्याकांड में शामिल दूसरे आरोपी अनुज सिंह की तलाश तेज कर दी गई है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल ऑपरेशन में शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सरोज, अनिकेत श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी लवकुश कुमार, आरक्षी किशन सोनकर सहित एस.ओ.जी. एवं फील्ड यूनिट की टीम की अहम भूमिका रही।

More Stories
महाश्मसान की महिमा: काशी में तीन दिन तक गूंजेगी भक्ति, तंत्र और परंपरा का अद्भुत संगम
ब्रेन स्ट्रोक से करखिंयाव के पूर्व प्रधान विक्रमादित्य सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
भोजपुरी हिंदी के विकास की आधार भाषा: राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला