आईआईटी बीएचयू टेक्नेक्स में सेना को सलामी देता रोबोट, फेरारी कार की प्रदर्शनी, सीईओ पहुंचे

वाराणसी।
आईआईटी बीएचयू में आयोजित तकनीकी महोत्सव टेक्नेक्स-26 के 87वें संस्करण का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। कार्यक्रम में डांसिंग ह्यूमैनॉयड रोबोट, फेरारी कार की प्रदर्शनी और न्यूरो-हेल्थ डिवाइस के डेमो ने छात्रों और तकनीक प्रेमियों को आकर्षित किया। अगले तीन दिनों तक परिसर में आधुनिक तकनीक और रक्षा उपकरणों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

टेक्नेक्स में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र ह्यूमैनॉयड रोबोट रहा। यह रोबोट सेना के जवानों को सलामी देता नजर आया और छात्रों से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन भी करता रहा। कभी बच्चों को देखकर जूडो के करतब दिखाता तो कभी संगीत पर डांस करने लगता। कोयंबटूर की एक कंपनी द्वारा प्रदर्शित यह रोबोट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से लैस है, जिसे चीन की एक कंपनी से खरीदा गया है। कंपनी के प्रतिनिधियों के अनुसार इस रोबोट का उपयोग व्यावसायिक और घरेलू दोनों क्षेत्रों में किया जा सकता है।

टेक्नेक्स के उद्घाटन समारोह में फेरारी के सीईओ बेनेडेट्टो विगना भी पहुंचे। स्वतंत्रता भवन सभागार में जैसे ही वे मंच पर आए, वहां मौजूद करीब 1500 छात्र-छात्राओं ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। छात्रों की ओर से उन्हें बाबा विश्वनाथ का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम से पहले उन्होंने अपनी पत्नी के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और गंगा में नौका विहार भी किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ संवाद में बेनेडेट्टो विगना ने हिंदी और भोजपुरी में कहा “होगा कईसे नहीं…”। उन्होंने बताया कि फेरारी कार की स्पीड और तकनीक को बेहतर बनाने के लिए लगातार शोध किया जाता है। साथ ही उन्होंने बताया कि कंपनी हाइब्रिड फेरारी कार पर भी तेजी से काम कर रही है।

आईआईटी बीएचयू में आयोजित यह टेक्नोलॉजी फेस्ट छात्रों के लिए तकनीक, नवाचार और उद्योग जगत से जुड़ने का बड़ा मंच बन गया है, जहां देश-विदेश की कंपनियां अपनी नई तकनीकों का प्रदर्शन कर रही हैं।

— रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News