कैंट रेलवे स्टेशन पर अफ्रीकी सोने की खेप बरामद, राजधानी एक्सप्रेस से 3.50 करोड़ का सोना पकड़ा

वाराणसी।
वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने राजधानी एक्सप्रेस से अफ्रीकी सोने की खेप बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 2.215 किलोग्राम सोने के 19 बिस्किट बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने राजधानी एक्सप्रेस में जांच अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई तो उनके पास से बड़ी मात्रा में सोने के बिस्किट बरामद हुए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सोना अफ्रीकी सोने की खेप बताया जा रहा है और आरोपी इसे लेकर दिल्ली जाने की फिराक में थे। बरामद सोने के बिस्किटों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग और कस्टम विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी गई है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सोना कहां से लाया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस मामले में सोने की तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

— रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News