57 वार्डों में बदलेगी पेयजल पाइपलाइन, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

वाराणसी।
शहर में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने बड़ी पहल शुरू की है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जलकल विभाग के सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर नगर निगम सीमा के 57 वार्डों में पेयजल पाइपलाइन बदलने की कार्ययोजना जल्द तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह को निर्देशित किया कि पाइपलाइन बदलने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत की जाए। साथ ही सभी सहायक अभियंता और अवर अभियंता से यह प्रमाणपत्र देने को कहा गया कि उनके क्षेत्र में पाइपलाइन बदलने के लिए कोई अन्य स्थान शेष न रह जाए।

समीक्षा के दौरान आईजीआरएस और 311 टोल फ्री नंबर पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि पहले से लंबित सभी शिकायतों का 72 घंटे के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और नई शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की देरी न हो।

इसके अलावा सीवर चैंबर की मरम्मत कार्य की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। मरम्मत किए गए चैंबर का जियोटैग फोटो और पूरा विवरण ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा, ताकि नागरिक भी इसकी जानकारी प्राप्त कर सकें।

गर्मी के मौसम को देखते हुए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के सार्वजनिक स्थानों को चिन्हित कर वहां स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर लगाए जाएं। साथ ही जो पुराने वाटर कूलर खराब स्थिति में हैं, उन्हें एक माह के भीतर ठीक कराने और सभी वाटर कूलरों का एएमसी कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, सचिव जलकल विश्वनाथ, अधिशासी अभियंता रामअवतार सहित सभी अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News