गैस की किल्लत या अफवाह? वाराणसी में सिलिंडर के लिए एजेंसियों पर लगी लंबी लाइनें

वाराणसी।
शहर और ग्रामीण इलाकों में घरेलू एलपीजी सिलिंडर को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। कई स्थानों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है और अफवाहों के कारण लोग घबराकर पहले से सिलिंडर लेने पहुंच रहे हैं।

जानकारी के अनुसार लोहता क्षेत्र की शिरडी, अंतरा और गंगा गैस एजेंसियों से लगभग सौ गांवों में गैस की आपूर्ति होती है। एजेंसी प्रबंधन के मुताबिक रोज की तरह सिलिंडर की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है, लेकिन अफवाहों के चलते लोग जल्दबाजी में बुकिंग कराने और एजेंसियों पर पहुंचने लगे हैं, जिससे भीड़ बढ़ रही है।

कुछ ग्रामीण इलाकों में यह भी देखा गया कि जहां गैस पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध है, वहां भी लोग सिलिंडर भरवाने के लिए एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। लोगों को आशंका है कि आगे गैस की किल्लत हो सकती है, इसलिए वे पहले से ही सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं।

इधर कुछ क्षेत्रों में गैस सिलिंडर की मांग बढ़ने से शादी-समारोह, भंडारा और मिड-डे मील व्यवस्था पर भी असर पड़ने की खबरें सामने आई हैं। कई उपभोक्ताओं ने महंगे दामों पर सिलिंडर मिलने की शिकायत भी की है।

इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कालाबाजारी या अधिक दाम वसूलने की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलिंडर की बुकिंग करें, ताकि अनावश्यक भीड़ और परेशानी से बचा जा सके।

About The Author

Share the News