चौड़ीकरण पर सख्त निगरानी: कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट

वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के बीच कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। 20 फरवरी 2026 को के अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने थाना चौक क्षेत्र में स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

दालमंडी क्षेत्र घनी आबादी, प्रमुख व्यापारिक गतिविधियों और धार्मिक संवेदनशीलता के कारण पहले से ही संवेदनशील माना जाता रहा है। चौड़ीकरण कार्य के चलते मार्ग परिवर्तन और अस्थायी अवरोधों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थलों, प्रमुख बाजार मार्गों, चौराहों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और यातायात डायवर्जन बिंदुओं का पैदल भ्रमण कर स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस

निर्माण स्थलों पर त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर टेप और चेतावनी बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए। रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था और विद्युत सुरक्षा की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित अस्थायी कॉरिडोर बनाने, भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा बाजार खुलने-बंद होने के समय विशेष ड्यूटी प्लान लागू करने के निर्देश जारी किए गए।

आपात सेवाओं और निगरानी पर जोर

एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग चिन्हित करने, 24×7 क्यूआरटी टीम को अलर्ट रखने और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी और भ्रामक सूचनाओं के तत्काल खंडन के भी आदेश दिए गए। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

अपर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास कार्य के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहेगी और आमजन को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए पुलिस निरंतर निगरानी रखेगी।

About The Author

Share the News