जंसा में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट, जेसीबी व बाइक तोड़ी; ढाई लाख लूट का आरोप

जंसा (वाराणसी)। थाना जंसा क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट का मामला सामने आया है। एक पक्ष ने जहां जेसीबी, मोटरसाइकिल और दुकान में तोड़फोड़ के साथ ढाई लाख रुपये लूट लेने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट व धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संतोष पटेल का आरोप

ग्राम तेन्दुई, हाथी बाजार (जंसा) निवासी संतोष कुमार पटेल पुत्र गिरजा शंकर ने थाना जंसा में दी तहरीर में बताया कि 17 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह चौखंडी स्थित अपनी बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर अकेले बैठे थे। आरोप है कि जमीनी विवाद को लेकर चौखंडी निवासी रामबाबू राजभर, संतोष राजभर, रविशंकर राजभर, खंझाटी राजभर, छन्नु राजभर, प्यारे राजभर और बुद्ध राजभर गुट बनाकर दुकान में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे व रॉड से हमला कर दिया।

पीड़ित के अनुसार हमले में उनका सिर फट गया और शरीर में कई स्थानों पर अंदरूनी चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे व टीवी तोड़ दिए तथा बाहर खड़ी दो जेसीबी मशीनें और दो मोटरसाइकिलों को पत्थर व लाठी से क्षतिग्रस्त कर दिया। संतोष पटेल का यह भी आरोप है कि हमलावर अलमारी में रखे करीब 2.50 लाख रुपये नकद व कैमरे का डीवीआर लेकर फरार हो गए और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने संतोष पटेल की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 309ए(1), 324(5), 333, 351(3) व 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रामबाबू राजभर का पक्ष

दूसरी ओर, चौखंडी हाथी बाजार निवासी एवं वर्तमान ग्राम प्रधान रामबाबू राजभर ने भी थाना जंसा में तहरीर दी है। उनका आरोप है कि संतोष कुमार पटेल आए दिन गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हैं।

रामबाबू के अनुसार 17 फरवरी को उनका भांजा रेलवे फाटक की ओर से घर जा रहा था, तभी संतोष ने उसे गाली दी और पूछताछ करने पर ईंट से उसके सिर पर वार कर घायल कर दिया। जब वह बचाने पहुंचे तो संतोष ने उन पर भी ईंट से हमला कर दिया।

पुलिस ने रामबाबू राजभर की तहरीर पर संतोष कुमार पटेल के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 125 व 352 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही जांच

थाना जंसा पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Share the News