टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों का हुआ भौतिक सत्यापन, पिंडरा ब्लॉक की 47 पंचायतें घोषित

पिंडरा।
पिंडरा ब्लॉक की टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों का मंगलवार को जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय टीम द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान समोगरा, सराय एवं कटौना ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया गया।

सत्यापन टीम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पिंडरा डॉ. संजीव द्विवेदी, एमओटीसी डॉ. हेमंत, डॉ. अनुपम सिंह, पंचायत विभाग के सेक्रेटरी संतोष मौर्य तथा टीबी यूनिट से एसटीएस जगदीश नारायण सिंह, राजेश और एसटीएलएस सुजीत वर्मा शामिल रहे।

इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षय रोग (टीबी) को छुपाने की आवश्यकता नहीं है। समय रहते जांच और नियमित उपचार से इस बीमारी से पूर्ण रूप से मुक्ति पाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या अन्य लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव द्विवेदी ने बताया कि पिंडरा ब्लॉक में वर्ष 2023 में कुल 105 ग्राम पंचायतों में से 8 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हुई थीं। इसके बाद वर्ष 2023 में ही यह संख्या बढ़कर 32 पहुंची और वर्ष 2024 में 105 ग्राम पंचायतों में से 47 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हो चुकी हैं। यह स्वास्थ्य विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है।

सत्यापन के दौरान डॉ. पीयूष राय ने सराय ग्राम पंचायत के क्षय रोगी राजेश पटेल तथा समोगरा के बीरेंद्र राजभर को फल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और नियमित दवा सेवन की सलाह दी।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान और सक्रिय सर्वेक्षण के कारण पिंडरा ब्लॉक में टीबी उन्मूलन की दिशा में लगातार प्रगति देखी जा रही है।

About The Author

Share the News