पिंडरा।
फूलपुर थाना क्षेत्र के नेवादा मंगारी गांव स्थित कृष्ण देव इंटर कॉलेज के समीप गुरुवार सुबह एक युवक पर खेत में शौच करने से मना करने पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में सत्यम सिंह (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत मालिक सुजीत सिंह का पुत्र सत्यम सिंह सुबह लगभग साढ़े छह बजे अपने खेत को देखने पहुंचा था। इसी दौरान उसने खेत में शौच कर रहे दो युवकों को मना किया, जिस पर दोनों युवक उग्र हो गए और सत्यम के साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर आरोप है कि युवकों ने अवैध तमंचा (कट्टा) निकालकर उसकी मुठिया से सत्यम के सिर पर कई बार प्रहार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमले के बाद युवकों ने हवाई फायरिंग भी की और मौके पर पहले से खड़ी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने हवाई फायरिंग की घटना से इनकार किया है।
सूचना मिलते ही फूलपुर थाना के इंस्पेक्टर अतुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव का ही एक व्यक्ति बीते कई दिनों से खेत में गाय-भैंस लाकर चराता था, जिस बिंदु पर भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है। इस संबंध में इंस्पेक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि हवाई फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ