वाराणसी। काशी में वसंत पंचमी और महाशिवरात्रि के महापर्वों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए अलर्ट मोड में आ गया है। सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों से पहले शहर की व्यवस्थाएं बदली हुई नजर आनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरस्वती पूजा पंडालों पर विशेष निगरानी
वसंत पंचमी पर होने वाले सरस्वती पूजा आयोजनों को लेकर महापौर ने निर्देश दिए कि सभी पूजा पंडालों के आसपास नियमित सफाई, चूना छिड़काव और सीवर व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया, ताकि कहीं भी गंदगी या जलभराव की स्थिति न बने।
मां सरस्वती की प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु अस्थायी कुंडों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही पूर्व निर्मित कुंडों की सफाई कर पर्याप्त जल-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधा मिले और गंगा प्रदूषण से सुरक्षित रहे।
महाशिवरात्रि से पहले चमकेंगे शिवालय मार्ग
महाशिवरात्रि पर शहर के प्रमुख शिवालयों में उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी शिवालयों तक जाने वाले मार्गों को गड्ढा-मुक्त करने और प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के आदेश दिए गए। मुख्य अभियंता को समय से पहले मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश
बैठक में नगर आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए कार्य समयबद्ध और जवाबदेही के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. चौधरी, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ