पिंडरा।
खालिसपुर स्थित प्रेमबहादुर सिंह इंटर कॉलेज में बुधवार को पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय का भव्य स्वागत पुष्पवर्षा के साथ किया गया। इस अवसर पर विधायक एवं एमएलसी निधि से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से छात्रहित में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता के प्रेम, सहयोग तथा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से विकास कार्यों की जो श्रृंखला प्रारंभ हुई है, वह निरंतर चलती रहे—यही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए खालिसपुर में प्रस्तावित 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आरओबी को इसका ज्वलंत उदाहरण बताया।
वहीं एमएलसी धर्मेंद्र राय ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में पिछले सात वर्षों में जिस गति से विकास हुआ है, वैसा आज़ादी के बाद दशकों में भी देखने को नहीं मिला।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व डीआईजी चन्द्रिका राय ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के इस विद्यालय के विकास में योगदान देना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
इसके पूर्व विधायक द्वय ने
5 लाख रुपये की लागत से बने एक कक्षीय कमरे,
10 लाख रुपये की लागत से स्थापित 10 किलोवाट सोलर प्लांट,
तथा 5 लाख रुपये की लागत से बने बरामदे
का फीता काटकर उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंधक अमरनाथ शर्मा ने की। स्वागत प्रधानाचार्य जटाशंकर सिंह ने किया तथा संचालन दशरथ प्रजापति और रमेश राम ने किया।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, प्रवीण राय, गोरखनाथ सिंह, शिवपूजन सिंह, सरमेश सिंह, ग्राम प्रधान महेश सिंह, राजन सिंह, रमेश सिंह, विजय सिंह सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ