AI की अफ़वाह बनाम सच्चाई: कुम्भा महादेव मंदिर पूरी तरह सुरक्षित

वाराणसी। सोशल मीडिया पर कुम्भा महादेव मंदिर को ध्वस्त दिखाने वाली तस्वीरों को लेकर फैली अफ़वाहों पर प्रशासन ने सख़्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने आज कुम्भा महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि वायरल तस्वीरें AI-जनरेटेड, भ्रामक और असत्य हैं, जिनका उद्देश्य जनभावनाओं को आहत करना था।

इस गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए वाराणसी पुलिस ने ऐसे भ्रामक AI-जनरेटेड फोटो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले 08 आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए सभी आरोपियों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत 03 दिवस का समय अपना पक्ष रखने हेतु प्रदान किया गया है।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सोशल मीडिया सेल द्वारा भ्रामक पोस्टों पर 24×7 सतत निगरानी रखी जा रही है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी AI-जनरेटेड, संदिग्ध या अप्रमाणित वीडियो, फोटो अथवा सूचना को बिना सत्यापन साझा न करें।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त अपराध सरवणन टी., एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

वाराणसी पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखने में प्रशासन का सक्रिय सहयोग करने की पुनः अपील की है।

रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News