5 साल की फरारी खत्म, 70 लाख की धोखाधड़ी का इनामी आरोपी सलाखों के पीछे

वाराणसी। वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अर्दली बाजार स्थित सुविधा साड़ी से करीब 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी और गबन के मामले में पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को थाना कैंट पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मोहित अग्रवाल के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। ऑपरेशन पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन व अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सर्किल कैंट की निगरानी में संपन्न हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान

गिरफ्तार अभियुक्त सौरभ गुप्ता (पुत्र राजेश कुमार गुप्ता), उम्र लगभग 40 वर्ष, वर्तमान पता पटेल नगर, थाना सिविल लाइन, गुरुग्राम (हरियाणा) बताया गया है। जबकि उसका मूल निवास गंगा नगर कॉलोनी, थाना आदमपुर, वाराणसी है।

क्या है पूरा मामला

वादी देवानंद सेवारमानी द्वारा वर्ष 2021 में दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार, सौरभ गुप्ता सुविधा साड़ी, अर्दली बाजार में मैनेजर/अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अपने नाम से फर्जी फर्म स्थापित की और माल भुगतान के नाम पर लगभग 70 लाख रुपये का गबन किया। इस संबंध में थाना कैंट पर मु.अ.सं. 0479/21, धारा 420 व 409 IPC के तहत मामला दर्ज है।

मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। थाना कैंट पुलिस ने सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से 18 जनवरी 2026 को गुरुग्राम से उसे दबोच लिया।

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में शिवाकांत मिश्र (प्रभारी निरीक्षक, थाना कैंट), आशुतोष कुमार त्रिपाठी, बलवंत कुमार सहित सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News