वाराणसी। जनपद के गाडर ग्राम सभा के खुटहा गांव में सार्वजनिक उपयोग के लिए लगाए गए हैंडपंप को निजी मकान के अंदर करने का गंभीर मामला सामने आया है। प्रार्थी महबूब द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, जांच में स्पष्ट होने के बावजूद संबंधित हैंडपंप को अब तक सार्वजनिक स्थान पर नहीं लगाया गया, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
शिकायतकर्ता महबूब के मुताबिक, ग्राम पंचायत क्षेत्र में लगाए गए हैंडपंप को मोहम्मद हनीफ पुत्र स्वर्गीय नूर मोहम्मद द्वारा समरसीबल पंप लगाकर हैड पंप अपने मकान के अंदर कर लिया गया। इस संबंध में पहले ही जांच कराई जा चुकी है। जांच अधिकारी की रिपोर्ट में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि हैंडपंप को उखाड़कर पुनः सार्वजनिक स्थान पर स्थापित किया जाए।
बताया गया कि यह जांच 12 जून 2024 को की गई थी। जांच आख्या के क्रमांक 5 में ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के विरुद्ध ₹43,898 की धनराशि की संस्तुति भी की गई थी। इसके बावजूद, आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव ने आपसी मिलीभगत से न तो हैंडपंप हटवाया और न ही जांच अधिकारी के आदेशों का पालन किया।
प्रार्थी का कहना है कि यह कृत्य सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध कब्जे और भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है। उनका तर्क है कि चोरी चाहे एक रुपये की हो या एक लाख की, अपराध अपराध ही होता है। इसलिए दोनों जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाना न्यायसंगत है।
शिकायत में यह भी मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, हैंडपंप को तत्काल सार्वजनिक स्थान पर लगवाया जाए और ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव के खिलाफ घोटाले से संबंधित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रार्थी ने कलेक्ट्रेट कचहरी, वाराणसी में शपथपूर्वक बयान देते हुए कहा कि प्रस्तुत सभी तथ्य सत्य हैं और किसी प्रकार की जानकारी न तो झूठी है और न ही छिपाई गई है।
— रॉयल शाइन टाइम्स के लिए विशेष रिपोर्ट

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ