महिला सुरक्षा में वाराणसी पुलिस का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, अपराधों में 74% तक की गिरावट

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट के कुशल नेतृत्व में ने महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। त्रि-स्तरीय कार्ययोजना के अंतर्गत त्वरित व सख्त कार्रवाई, न्यायालय में प्रभावी पैरवी और व्यापक जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से पिछले वर्षों में महिला अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2016 की तुलना में वर्ष 2025 में

  • बलात्कार के मामलों में 74%,
  • महिला हत्या में 60%,
  • छेड़खानी में 55%,
  • पॉक्सो मामलों में 52% तक की कमी आई है।

जहां 2016 में बलात्कार के 105 मामले दर्ज हुए थे, वहीं 2025 में यह संख्या घटकर मात्र 27 रह गई। यह उपलब्धि प्रत्येक घटना को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों के विरुद्ध निरंतर और कठोर कार्रवाई का प्रतिफल है।

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत न्यायालयों में मजबूत पैरवी के चलते सजा दर में भी ऐतिहासिक वृद्धि हुई है।

  • वर्ष 2020–21 में 69 प्रकरणों में 86 अपराधियों को सजा,
  • वर्ष 2024–25 में 110 प्रकरणों में 158 अपराधियों को सजा दिलाई गई।

वर्ष 2021 से 2025 के बीच कुल 343 प्रकरणों में 450 अपराधियों को दंडित किया गया, जिनमें एक को मृत्युदंड और 52 को आजीवन कारावास की सजा शामिल है।

पीड़ित महिलाओं के पुनर्वास और सहायता हेतु रानी लक्ष्मी बाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के अंतर्गत आर्थिक सहयोग में भी अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है।

  • वर्ष 2015–16 में 8 पीड़िताओं को 12 लाख रुपये,
  • जबकि 2017 से 2025 के बीच 166 पीड़िताओं को कुल 5.53 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई।

महिला सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत प्रत्येक थाने पर महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। वर्ष 2025 में शुरू किए गए मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से मात्र तीन माह में

  • 1500 से अधिक मामलों का निस्तारण,
  • 1009 पीड़िताओं की काउंसलिंग,
  • 310 को कानूनी सहायता तथा
  • 121 को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

इसके परिणामस्वरूप महिला अपराधों में 22.30% की अतिरिक्त कमी दर्ज की गई।

एंटी रोमियो टीम की सक्रियता से भी वर्ष 2025 में महिला अपराधों में उल्लेखनीय गिरावट आई है। हजारों स्थानों पर चेकिंग, लाखों लोगों से संवाद, सैकड़ों स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे तथा शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।

कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करती रहेगी।

— रॉयल शाइन टाइम्स पेपर के लिए खबर

About The Author

Share the News