कब्रिस्तान पर चली जेसीबी, ग्रामीणों में फूटा आक्रोश

पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के मंगारी ग्राम सभा स्थित कब्रिस्तान को एयरपोर्ट विस्तार के नाम पर बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के जेसीबी से समतल किए जाने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। यह कब्रिस्तान एयरपोर्ट बनने से बहुत पहले से अस्तित्व में था और करीब 100 मुस्लिम परिवारों से जुड़ा हुआ है।

जैसे ही कब्रिस्तान पर जेसीबी चलने की सूचना मिली, मंगारी और नैपुरा गांव के दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर फूलपुर थाने के उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव व अनिल कुमार यादव, साथ ही एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा तथा लेखपाल शैलेश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि कब्रिस्तान के लिए वैकल्पिक भूमि शीघ्र आवंटित की जाएगी। इसके बाद स्थिति कुछ हद तक शांत हुई।

इस संबंध में मंगारी गांव के कुद्दुस अंसारी ने कहा कि यह कब्रिस्तान एयरपोर्ट के आने से पहले से है, बावजूद इसके बिना सूचना और नोटिस के इसे जेसीबी से समतल कर दिया गया, जो हमारे पूर्वजों के साथ अन्याय है। वहीं लियाकत अली ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि इसी दौरान किसी का इंतकाल हो जाए तो दफन कहां किया जाएगा, इसकी कोई व्यवस्था नहीं की गई।

मौके पर नदीम, बुल्लुर, आरिफ, हारून, मुजम्मिल, खुर्शीद, रफीक, कमालुद्दीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

— रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News