।
25 दिसंबर 2025 को बड़ागांव थाना क्षेत्र के दयालपुर बगीचे में 14 वर्षीय किशोर समीर सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में दो हफ्ते बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। न्याय की मांग को लेकर मृतक की मां, पड़ोसी और रिश्तेदार महिलाएं गुरुवार को बड़ागांव थाने पहुंचीं और जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं की थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह से कई बार तीखी नोकझोंक हुई। महिलाओं का साफ कहना था कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
डीसीपी के सामने फूट-फूटकर रोई मां
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल, एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार और फूलपुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह पहुंचे। इस दौरान मृतक की मां डीसीपी के सामने फूट-फूटकर रो पड़ी और न्याय की गुहार लगाती रही।
आक्रोश इस कदर बढ़ गया था कि कुछ महिलाएं पेट्रोल की बोतल लेकर थाने पहुंच गईं और चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आत्मदाह करने को मजबूर होंगी। पुलिस अधिकारियों की कड़ी समझाइश के बाद हालात पर काबू पाया गया।
24 से 36 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन
डीसीपी आकाश पटेल ने प्रदर्शनकारियों को 24 से 36 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया, जिसके बाद धरना समाप्त कराया गया।
कैसे हुई थी वारदात
घटना 25 दिसंबर की शाम रसूलपुर–बड़ागांव मुख्य मार्ग पर दयालपुर बगीचे के पास हुई। अज्ञात बदमाशों की रामू यादव नामक युवक से कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान बाइक से वहां पहुंचे समीर सिंह को भी गोली मार दी गई। गोली लगने से रामू यादव और समीर दोनों घायल हुए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान समीर की मौत हो गई।
सवाल वही—कब मिलेगा न्याय?
14 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। अब जनता का दबाव बढ़ता जा रहा है और हर किसी की नजरें पुलिस के अगले कदम पर टिकी हैं।
रॉयल शाइन टाइम्स पेपर के लिए खबर

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ