निमोनिया से तीन पशुओं की मौत, पशुपालकों में हड़कंपसमय रहते उपचार से आधा दर्जन पशु बचे, गांव में किया गया टीकाकरण

पिंडरा। पिंडरा ब्लॉक के नेहियां गांव में ठंड के मौसम के बीच निमोनिया बीमारी के प्रकोप से तीन भैंसों की मौत हो गई, जिससे पशुपालकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित उपचार कर आधा दर्जन बीमार पशुओं की जान बचाई। साथ ही पूरे गांव में रोग से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार बीते तीन दिनों में यादव बस्ती निवासी विनोद यादव, दीपक यादव और बसंत यादव की एक-एक भैंस की निमोनिया से मौत हो गई। दो अन्य पशुओं की हालत गंभीर होने पर ग्राम प्रधान संदीप सिंह ने पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी पाण्डेय को सूचित किया। डॉ. पाण्डेय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया और बीमार पशुओं को बचा लिया।

गांव में लगाए गए शिविर के दौरान पशु चिकित्सक डॉ. ओपी पाण्डेय ने बताया कि अत्यधिक ठंड के कारण कुछ भैंसों में निमोनिया का प्रकोप देखा गया। समय पर उपचार से दो गंभीर पशुओं की हालत में सुधार हुआ और शेष पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए पूरे ग्राम सभा में टीकाकरण कराया गया।

डॉ. पाण्डेय ने पशुपालकों को ठंड व निमोनिया से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि पशुओं को ताजा व स्वच्छ पानी दें, सुबह-शाम गुड़ व नमक खिलाएं और रात में अलाव आदि से गर्म रखने की व्यवस्था करें। इस दौरान बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे और विभागीय सलाह का पालन करने का आश्वासन दिया।

रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News