तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार युवक को कुचला, मौके पर मौतग्रामीणों ने लगाया हाईवे जाम, परिवार में मचा कोहराम

चौबेपुर, ।
वाराणसी–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोलनापुरपुर गांव के समीप मंगलवार सुबह करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल से जा रहे एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान ढाका गांव निवासी 19 वर्षीय आकाश निषाद, पुत्र कमल निषाद, के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आकाश रोज़ की तरह सुबह साइकिल से चौबेपुर स्थित खेल मैदान में दौड़ लगाने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि आकाश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन शोक व गुस्से से भरी भीड़ उग्र हो गई।

परिजनों के अनुसार आकाश परिवार का इकलौता पुत्र था। वह दिन में मछली मारकर परिवार का भरण-पोषण करता था और सुबह-शाम दौड़ व कोचिंग के जरिए फौज में भर्ती की तैयारी कर रहा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

शव देखते ही पिता कमल निषाद फूट-फूट कर रो पड़े और बार-बार कहते रहे कि अब उनका सहारा कौन बनेगा। मां, बहन समेत अन्य परिजन दहाड़ें मारकर रोते रहे। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद वाहन समेत फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Share the News