वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली जा रहे एक यात्री के हैंडबैग से मैगजीन और छह जिंदा कारतूस (.32 बोर) बरामद किए गए। सुरक्षा जांच के दौरान संदिग्ध सामग्री मिलने पर CISF ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सुरक्षा जांच में हुआ खुलासा
अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 2:40 बजे नियमित बैगेज चेकिंग के दौरान मिर्जापुर जनपद के बरौधा गांव निवासी भुवनेश्वर नाथ तिवारी (52 वर्ष) के हैंडबैग की जांच की गई। जांच में .32 बोर की एक मैगजीन और छह जिंदा कारतूस पाए गए।
सुरक्षा मानकों के तहत CISF ने यात्री से प्रारंभिक पूछताछ की और शाम करीब 4:30 बजे उसे फूलपुर थाना क्षेत्र की स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस व एजेंसियां अलर्ट
बरामदगी की सूचना मिलते ही फूलपुर थाने की पुलिस और बाबतपुर पुलिस चौकी की टीम एयरपोर्ट पहुंची। यात्री को चौकी लाकर पूछताछ शुरू की गई। बताया गया कि यात्री Air India Express की उड़ान संख्या IX-1252 से नई दिल्ली जा रहा था।
लाइसेंस की जांच जारी
फूलपुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान यात्री ने अपने नाम से .32 बोर पिस्टल का वैध शस्त्र लाइसेंस होना बताया है। यात्री के अनुसार लाइसेंस संख्या LN 33634A7A37223/614/2005, कोतवाली कटरा, मिर्जापुर से जारी है।
पुलिस का कहना है कि लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। कागजात सही पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूछताछ में हुआ यह खुलासा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यात्री ने बताया कि वह नई दिल्ली में सुशील पटेल, पूर्व जिलाधिकारी मिर्जापुर से मिलने जा रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुटी हुई हैं।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ