चौबेपुर, ।
चौबेपुर क्षेत्र में बार्थरा खुर्द जाने वाले मार्ग की बदहाली को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। जल निकासी की गंभीर समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने चौबेपुर–बाबतपुर मार्ग पर जाम लगाकर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा की पोखरी पर अवैध कब्जे के कारण पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरा रास्ता तालाब में तब्दील हो गया है।
सोनही–बार्थरा गांव निवासी चंद्रजीत प्रजापति ने बताया कि उनकी पुत्री होली, जो सुभाष इंटर कॉलेज में पढ़ती है, विद्यालय से लौटते समय जय जवान जय किसान स्कूल से बार्थरा जाने वाले मार्ग पर अक्सर पानी और कीचड़ में फिसल जाती है। उनका कहना है कि प्रजापति व यादव बस्ती के पास कुछ लोगों ने ग्राम सभा की पोखरी पर जबरन कब्जा कर लिया है, जिसके चलते गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर करीब दो फीट तक पानी जमा रहता है। आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं और कपड़े खराब हो जाते हैं। इसी मार्ग पर शिप्रा प्रजापति, पुत्री राधेश्याम प्रजापति, के गिरकर घायल होने की घटना भी सामने आ चुकी है।
गांव निवासी अरुण ने बताया कि बड़े-बड़े गड्ढों और जलभराव के कारण बाइक व मोटरसाइकिल से आना-जाना बेहद जोखिम भरा हो गया है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी और बीडीओ चोलापुर को कई बार ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मांग की कि ग्राम सभा की पोखरी को तत्काल कब्जा मुक्त कराया जाए और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था की जाए।
धरने में विनोद प्रजापति, महेश, अरुण, किशनलाल, मेवालाल, राधेश्याम सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
— रॉयल शाइन टाइम्स पेपर

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ