बड़ागांव थाना क्षेत्र में प्रार्थना सभा को लेकर तनाव, चार लोग हिरासत में

बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत दुनियापुर गांव में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक मकान में ईसाई धर्म से जुड़े कुछ लोगों द्वारा प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना पर सहित अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और सभा का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए, जिससे स्थिति काफी संवेदनशील हो गई। कुछ लोगों ने घटना के वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी।

मामले की जानकारी मिलते ही बड़ागांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभा के आयोजन को लेकर पूछताछ की। इस दौरान फूलपुर थाना क्षेत्र के लखमीपुर बेलवा निवासी रवि जोसेफ ने बताया कि वह संबंधित मकान में प्रार्थना सभा करवा रहा था। उसके अनुसार यह कार्यक्रम क्रिसमस के अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसमें पहले से शामिल बच्चों के परिजनों को पुरस्कार वितरित किए जा रहे थे। रवि जोसेफ ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का धर्म परिवर्तन, प्रलोभन या लालच नहीं दिया गया।

इसी बीच हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा नारेबाजी शुरू किए जाने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रवि जोसेफ समेत उसके तीन अन्य सहयोगियों को हिरासत में लेकर बड़ागांव थाने भेज दिया। हिरासत के दौरान मौके पर जय श्रीराम के नारे भी लगाए गए।

घटना की सूचना फैलते ही प्रार्थना सभा में शामिल महिलाएं भी बड़ागांव थाने पहुंच गईं। वहीं दूसरी ओर एवं विश्व हिंदू परिषद से जुड़े नेता व कार्यकर्ता भी थाने पर एकत्र हो गए। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने पुलिस को लिखित तहरीर सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सभी तथ्यों और पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है।

— रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News