चिरईगांव (वाराणसी)।
विकास खंड चिरईगांव के अंतर्गत ग्राम पंचायत अम्बा में सरकारी तंत्र की लापरवाही का खामियाजा आम ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। नीर निर्मल परियोजना के तहत बिछाई गई पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन बीते तीन दिनों से गंगासोता किनारे शंकर मंदिर के पास फटी हुई है, जिससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद होकर सड़क पर बह रहा है।
प्रमुख मार्ग बना ‘फिसलन जोन’
पाइपलाइन फटने के कारण अम्बा–मोकलपुर मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया है। यह मार्ग जाल्हूपुर बाजार जाने का सबसे छोटा और व्यस्त रास्ता है। लगातार पानी बहने से सड़क पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन गई है, जिसके चलते बाइक सवार और पैदल यात्री बार-बार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
ग्रामीणों में गहरा आक्रोश
स्थानीय निवासी राजेंद्र यादव, जयंतलाल राही और जितेंद्र निषाद ने बताया कि बीते तीन दिनों से पाइपलाइन से पानी का तेज रिसाव हो रहा है, लेकिन अब तक मरम्मत के लिए कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा।
वहीं गोबरहां गांव के जयशंकर सिंह, सिंटू मिश्रा और मिथिलेश का कहना है कि खराब रास्ते के कारण बाजार तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है और आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
अधिकारी का पक्ष
इस संबंध में जब जल निगम के अवर अभियंता आशुतोष से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और शीघ्र ही टीम भेजकर पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पाइपलाइन दुरुस्त कर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और पेयजल की बर्बादी भी बंद हो।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ