सभी क्षेत्रों में उर्वरक की समान उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
वाराणसी।
किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से शासन स्तर से नामित टास्क फोर्स अधिकारी डॉ. आर.के. मौर्य, अपर कृषि निदेशक (भूमि संरक्षण) ने शनिवार को जनपद में उर्वरकों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह के साथ साधन सहकारी समिति आयर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय समिति सचिव दुर्गा मिश्रा उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान मौके पर यूरिया क्रय कर रहे कृषक शिवम यादव, सुरेश यादव एवं संजय पटेल से अपर कृषि निदेशक ने संवाद किया। वहीं यूरिया लेकर जा रहे कृषक लालजी एवं शनि से भी बातचीत की गई। किसानों ने बताया कि उन्हें यूरिया निर्धारित सरकारी दर पर ही उपलब्ध कराया गया है।
इस अवसर पर अपर कृषि निदेशक ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि यूरिया का वास्तविक बाजार मूल्य प्रति बोरी दो हजार रुपये से अधिक है, किंतु सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के कारण किसानों को यह मात्र ₹266.50 प्रति बोरी की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे जितनी आवश्यकता हो उतनी ही यूरिया पाश मशीन पर अंगूठा लगाकर खरीदें, क्योंकि आवश्यकता से अधिक उर्वरक का प्रयोग फसल एवं भूमि दोनों के लिए हानिकारक होता है।
निरीक्षण के दौरान डॉ. मौर्य ने जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह को निर्देशित किया कि जनपद के सभी क्षेत्रों में उर्वरकों की समान उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसानों को निर्धारित दर पर पाश मशीन के माध्यम से वितरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी उर्वरक विक्रेता द्वारा अधिक दर पर बिक्री अथवा पाश मशीन के दुरुपयोग की शिकायत मिलती है, तो उसके विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ