वाराणसी के सबसे पुराने गंगा पुल राजघाट पुल (मालवीय ब्रिज) पर मंगलवार रात 12 बजे से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। पुल की मरम्मत के चलते अब 13 जनवरी तक केवल पैदल यात्रियों को ही आने-जाने की अनुमति होगी। वाहन प्रतिबंध की सूचना देर रात लागू होने से पड़ाव और राजघाट दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई स्थानों पर पुलिस से बहस की स्थिति भी देखी गई।
लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा ड्रेनेज स्पाउट एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत के लिए 24 दिसंबर से 13 जनवरी तक 25 दिन का ब्लॉक लिया गया है। इसी को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन प्लान लागू किया है।
एसीपी ट्रैफिक ओमवीर सिंह सिरोही ने बताया कि पहले 20 दिसंबर से कार्य शुरू किया गया था, लेकिन अत्यधिक बाइक और पैदल दबाव के कारण काम सुचारू रूप से नहीं हो सका। इसके बाद PWD, ट्रैफिक पुलिस और सिविल पुलिस की कई बैठकों के बाद पुल को पूरी तरह “नो व्हीकल जोन” घोषित करने का निर्णय लिया गया।
मरम्मत अवधि में रामनगर सामने घाट पुल पर यातायात का दबाव बढ़ेगा। इस पुल से अब दो पहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा, हल्के चार पहिया वाहन, एम्बुलेंस और शव वाहन ही वाराणसी शहर में प्रवेश कर सकेंगे। सभी सवारी वाहन और हल्के-भारी मालवाहकों पर राजघाट/सामने घाट पुल से आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
डायवर्जन की प्रमुख बातें:
- 24 दिसंबर से 13 जनवरी तक नमो घाट ↔ पड़ाव चौराहा मार्ग पर केवल पैदल आवागमन।
- राजघाट पुल से किसी भी प्रकार के वाहन नहीं चलेंगे।
- चंदौली ↔ वाराणसी आने-जाने वाले बस और मालवाहक रामनगर चौराहा → टेंगरा मोड़ → विश्व सुंदरी पुल → डाफी टोल प्लाजा → अमरा अखरी/मोहन सराय/रिंग रोड के रास्ते चलेंगे।
- ट्रॉमा सेंटर और मालवीय चौराहे पर जाम से राहत के लिए लौटूबीर अंडरपास पर जर्सी बैरियर लगाए जाएंगे।
यातायात प्रभारी निरीक्षक चंदौली सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि पड़ाव की ओर से राजघाट पुल पूरी तरह बंद है और लगातार अनाउंसमेंट कर आमजन को 13 जनवरी तक पुल बंद रहने की जानकारी दी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों—रामनगर सामने घाट पुल, विश्व सुंदरी पुल और रिंग रोड—का उपयोग करें।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ