तकनीक और तत्परता की जीत: भदोही पुलिस ने लौटाए 151 गुम मोबाइल, कीमत ₹24 लाख से अधिक

भदोही।
जनपद भदोही में गुम व खोए हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भदोही पुलिस को उल्लेखनीय सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आम नागरिकों के 151 गुम मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत ₹24,16,000 है, बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थानों पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों को CEIR पोर्टल के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए, जिससे मोबाइल फोनों की त्वरित ट्रेसिंग और सफल बरामदगी संभव हो सकी।

पुलिस के अनुसार, 01 जनवरी 2025 से 24 दिसंबर 2025 के बीच जनपद भदोही में कुल 730 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹1,16,80,000 (एक करोड़ सोलह लाख अस्सी हजार रुपये) है। यह उपलब्धि भदोही पुलिस की तकनीकी दक्षता, सतत मॉनिटरिंग और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

मंगलवार, 24 दिसंबर 2025 को रिजर्व पुलिस लाइन्स, ज्ञानपुर के सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर नागरिकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

थानावार बरामद मोबाइल फोन (कुल 151):

ज्ञानपुर – 20

गोपीगंज – 23

कोईरौना – 04

भदोही – 43

चौरी – 10

औराई – 20

ऊँज – 06

सुरियावां – 25

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर मोबाइल की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।

About The Author

Share the News