लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शीत ऋतु एवं घने कोहरे के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा प्रदेशभर में बस संचालन के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार कोहरे और कम दृश्यता की स्थिति में बसों का संचालन अत्यंत सावधानी से किया जाएगा। रात्रिकालीन सेवाओं को आवश्यकता अनुसार सीमित रखने तथा यात्रियों को सुरक्षा उपायों की निरंतर जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि कोहरे की स्थिति में बसों की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। अत्यधिक कोहरे की दशा में बसों को सुरक्षित स्थान पर रोककर दृश्यता सामान्य होने के बाद ही संचालन की अनुमति होगी। बस अड्डों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी।
अनुभवी चालकों की तैनाती अनिवार्य
घने कोहरे वाले मार्गों पर रात्रिकालीन सेवाओं को आवश्यकता अनुसार सीमित करने के निर्देश दिए गए हैं। रात्रि सेवाओं में केवल अनुभवी, दुर्घटना-रहित एवं बेहतर ईंधन रिकॉर्ड वाले चालकों की ही तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही यह भी अनिवार्य किया गया है कि चालक को रात्रि सेवा से पूर्व कम से कम 8 घंटे का विश्राम मिला हो।
50 प्रतिशत से कम लोड फैक्टर वाली रात्रिकालीन बस सेवाओं को अस्थायी रूप से स्थगित रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
अल्कोहल टेस्ट और तकनीकी जांच होगी सख्त
लंबी दूरी की बसों की 13 बिंदुओं पर आउटशेडिंग जांच तथा संचालन के दौरान 31 बिंदुओं पर नियमित भौतिक जांच कराई जाएगी। सभी बसों में रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप, फॉग लाइट, ऑल-वेदर बल्ब, वाइपर और शीशों की कार्यशीलता अनिवार्य की गई है। प्रवर्तन दलों द्वारा निरीक्षण के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से अल्कोहल टेस्ट भी अनिवार्य रूप से कराया जाएगा।
यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
परिवहन मंत्री ने चालकों को एक्सप्रेस-वे, डिवाइडर युक्त तथा बिना डिवाइडर वाली सड़कों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सभी चालकों और परिचालकों को इन दिशा-निर्देशों के संबंध में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि संयमित गति और सतर्कता के साथ सुरक्षित बस संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक नागरिक का जीवन अमूल्य है, और यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ