कज्जाकपुरा ओवरब्रिज का नामकरण अब ‘बाबा लाट भैरव सेतु’

काशी की धार्मिक परंपरा और जन-आस्था को सम्मान देते हुए नगर निगम वाराणसी ने कज्जाकपुरा में नवनिर्मित रेल ओवरब्रिज का आधिकारिक नामकरण ‘बाबा लाट भैरव सेतु’ कर दिया है। यह निर्णय महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में गत माह आयोजित नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के आधार पर लिया गया।

नगर निगम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अब नगर निगम सहित सभी सरकारी अभिलेखों, शिलापट्टों, संकेतकों एवं सार्वजनिक संबोधनों में कज्जाकपुरा ओवरब्रिज को ‘बाबा लाट भैरव सेतु’ के नाम से ही दर्ज और संबोधित किया जाएगा।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि यह नामकरण काशी की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और जनमानस की गहरी श्रद्धा को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने बताया कि लाट भैरव क्षेत्र काशी की धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है और बाबा लाट भैरव के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था रही है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण नगर निगम की प्राथमिकता है।

महापौर ने बताया कि लगभग 1.356 किलोमीटर लंबा यह सेतु न केवल क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि बाबा लाट भैरव के नाम से जुड़कर इस क्षेत्र को एक विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान भी प्रदान करेगा।

नगर निगम का मानना है कि यह निर्णय शहर के बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ आस्था और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम है, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ काशी आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा और गौरव की अनुभूति होगी।

About The Author

Share the News