अफसर फील्ड में रहें अलर्ट, जनजीवन की सुरक्षा में लापरवाही नहीं
लखनऊ।
प्रदेश में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन और पुलिस तंत्र को हाई अलर्ट मोड में रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि जनजीवन, यातायात व्यवस्था और निराश्रितों की सुरक्षा में किसी भी स्तर की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्त, आईजी, जिलाधिकारी, पुलिस, ट्रैफिक बल और नगर निकायों को निर्देशित किया है कि सड़कों, गलियों, हाईवे और एक्सप्रेस-वे तक सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर अतिरिक्त सतर्कता, विशेष टीमें तैनात करने और क्रेन व एम्बुलेंस को 24×7 तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
टोल प्लाजा पर कोहरे की चेतावनी, ओवरस्पीडिंग पर सख्ती
सीएम योगी ने टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर के माध्यम से कोहरे की चेतावनी प्रसारित करने और कम दृश्यता की स्थिति में यातायात प्रबंधन को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ओवरस्पीडिंग पर कठोर कार्रवाई के भी स्पष्ट आदेश दिए।
एनएचएआई और स्टेट हाईवे अधिकारियों के साथ समन्वय कर सड़क प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर, साइनेज और आपात सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
“कोई भी व्यक्ति खुले में सोता न मिले” — मुख्यमंत्री
शीतलहर के मद्देनज़र मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कोई भी निराश्रित व्यक्ति खुले में सोता न मिले। सभी को रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए, जहां हीटर, अलाव और कंबल की पर्याप्त व्यवस्था हो।
साथ ही गोशालाओं में गोवंश को ठंड से बचाने के लिए अलाव और अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
धुंध–कोहरे में सुरक्षित यात्रा के लिए प्रशासन की ट्रैवल गाइडलाइन
वाहन की गति निर्धारित सीमा से कम रखें
फॉग लाइट का प्रयोग करें, हेडलाइट लो-बीम पर रखें
इमरजेंसी इंडिकेटर का सीमित और सही उपयोग करें
आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें
एक्सप्रेस-वे पर बार-बार लेन बदलने से बचें
ओवरटेकिंग से पूरी तरह परहेज करें
कोहरा अत्यधिक घना हो तो यात्रा टालें
वाहन के पीछे रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगवाएं

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ