एसआईआर–2026 पर सख्ती और रफ्तार: वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने वाराणसी में की गहन समीक्षा

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR–2026) को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में वाराणसी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रहे एसआईआर कार्यों की विधानसभावार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपद में संचालित एसआईआर कार्यों की बिंदुवार जानकारी प्रस्तुत की। इसमें सभी विधानसभाओं की मतदाता मैपिंग, संग्रहीत गणना प्रपत्र, पिछले चुनावों का मतदान प्रतिशत, फार्मों की अद्यतन स्थिति, डिजिटाइजेशन तथा एएसडी श्रेणी के मतदाताओं के सत्यापन की जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर घर-घर गणना प्रपत्र वितरण, 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग और फार्मों के डिजिटाइजेशन का कार्य तेज़ी से प्रगति पर है।

वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने विधानसभावार अब तक हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने वाराणसी के नवाचार ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ स्टेटस’ की सराहना की और अपलोड किए जा रहे फार्मों व फोटो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटे नहीं और कोई भी अपात्र नाम सूची में शामिल न हो, इसके लिए फार्मों की मैपिंग, अपलोडिंग और सत्यापन की 100 प्रतिशत जांच अनिवार्य है। बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण और सूचनाएं समय से उपलब्ध कराने, फॉर्म-6 के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अनमैप्ड प्रकरणों के पुनः सत्यापन के भी निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर–2026 का कार्य पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और तेजी के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए। बैठक से पूर्व उन्होंने जे.पी. मेहता इंटर कॉलेज पहुंचकर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, सचिव भारत निर्वाचन आयोग अजय कुमार वर्मा, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश अखंड प्रताप सिंह, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन विपिन कुमार सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।

SIR2026 #ElectionCommission #VoterRevision #VaranasiNews #ElectionUpdate #DemocracyInAction #VoterList #IndiaVotes

About The Author

Share the News