उन्नाव | रॉयल शाइन टाइम्स
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी से जुड़े कई ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की। यह कार्रवाई ड्रीम-11 फैंटेसी गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से कथित अवैध सट्टेबाजी, करोड़ों रुपये के लेन-देन और आय से अधिक संपत्ति के मामले से जुड़ी बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की 16 सदस्यीय विशेष टीम ने एक साथ दो अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। एक टीम ने नवाबगंज कस्बे में स्थित ठिकानों पर कार्रवाई की, जबकि दूसरी टीम ने द्विवेदी के पैतृक गांव भीतरेपार खजूर में छापेमारी की।
इस व्यापक अभियान के दौरान कुल 10 वाहनों का उपयोग किया गया, जिनमें से 6 वाहन गांव क्षेत्र में और 4 वाहन नवाबगंज कस्बे में तैनात रहे। कार्रवाई के चलते पूरे इलाके में दिनभर हलचल और चर्चा का माहौल बना रहा।
ईडी द्वारा तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और वित्तीय रिकॉर्ड बरामद किए जाने की सूचना है। एजेंसी अब इन सभी साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल ईडी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक जांच मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े व्यापक लिंक की ओर इशारा कर रही है।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ