वाराणसी।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा 12 दिसंबर 2025 की रात करीब 1:30 बजे होलकर भवन के पास हुआ, जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित मोटरसाइकिल सड़क किनारे लगे आम के पेड़ से जा टकराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार तीनों छात्र महिला महाविद्यालय की ओर से एलडी चौराहे की तरफ जा रहे थे। होलकर भवन के सामने अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे आम के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों छात्र उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में गंभीर रूप से घायल सोनू सुथर, एमपीएड द्वितीय वर्ष (सत्र 2024–26) को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। साथी छात्र और शिक्षक गहरे सदमे में हैं।
दुर्घटना में घायल अन्य दो छात्रों की पहचान मनीष कुमार (बैचलर ऑफ वेटरनरी साइंस एंड एनिमल हसबैंड्री, राजीव गांधी साउथ कैंपस के पूर्व छात्र) और संतोष कुमार (बीपीएड द्वितीय वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में जारी है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ