वाराणसी | रॉयल शाइन टाइम्स
शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाले थाना समाधान दिवस के तहत शनिवार को थाना फूलपुर में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन आकाश पटेल स्वयं उपस्थित रहे और फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।
पुलिस उपायुक्त ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त सभी प्रार्थना-पत्रों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि एवं जमीनी विवादों को चिन्हित कर राजस्व टीम के साथ संयुक्त रूप से मौके पर जाकर प्रभावी समाधान करने पर जोर दिया।
डीसीपी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। जिन मामलों में उच्चाधिकारी स्तर से कार्रवाई आवश्यक हो, उनकी आख्या समय से तैयार कर संबंधित अधिकारियों को प्रेषित की जाए, जिससे अनावश्यक विलंब न हो और फरियादियों को समय पर न्याय मिल सके।
इसके उपरांत पुलिस उपायुक्त ने थाना फूलपुर परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, माल मुकदमे से संबंधित वाहनों के शीघ्र निस्तारण तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही निर्माणाधीन थाना भवन का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं समयबद्धता का आकलन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक फूलपुर सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ