मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी आगमन, भ्रमण और अवस्थान कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को कैंप कार्यालय पर सभी अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय सुरक्षा ब्रीफिंग की। आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील प्वाइंट्स और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी तैयारियों को चाक-चौबंद रखने के स्पष्ट निर्देश जारी किए।
आयुक्त ने बताया कि महत्वपूर्ण मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और सुरक्षा घेराबंदी को और मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल एवं वीआईपी मार्गों की ड्रोन कैमरों से लगातार एयरियल मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई होगी।
होटल, लॉज, ढाबों और अन्य ठहरने वाले प्रतिष्ठानों की गहन चेकिंग के साथ रुकने वाले व्यक्तियों के आईडी वेरिफिकेशन को अनिवार्य किया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर संदिग्ध, अफवाह फैलाने वाली या भ्रामक पोस्ट पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को निर्बाध रखने हेतु वैकल्पिक मार्ग, डायवर्जन, साइनज, और प्वाइंटवार पुलिस तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए गलियों, कट्स और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रस्सों और बैरिकेडिंग को मजबूत किया जाएगा, जबकि उच्च संवेदनशील बिंदुओं पर रूफटॉप ड्यूटी के माध्यम से चौतरफा निगरानी रखी जाएगी।
सभी प्रभारी अधिकारियों को अपने-अपने प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट ब्रीफिंग देने, लाउड–हेलर का प्रभावी उपयोग करने और किसी भी स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश सिंह, राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ