लक्ष्मणपुर, शिवपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की निर्मम हत्या — इलाके में सनसनी

वाराणसी जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मणपुर शिवपुर में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनुपमा उर्फ सीता (45) की घर के अंदर ही धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर एडीसीपी नीतू कात्यायन, एसीपी नितिन तनेजा समेत फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और मौके से जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं।

कैसे हुई वारदात?

मृतका के परिजनों के अनुसार, अनुपमा सुबह अपने घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान बदमाशों ने घर में घुसकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा और धारदार हथियार तथा भारी वस्तु से सिर पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
उस समय उनके पति शैलेश दूध देने बाहर गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि अनुपमा जमीन पर खून से लथपथ पड़ी हुई है। घटना देखकर पति के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

जांच जारी, हत्यारों की तलाश में पुलिस

पुलिस का कहना है कि हत्या किस वजह से की गई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। प्रथम दृष्टया हत्या की घटना किसी नजदीकी पहचान वाले या योजनाबद्ध हमले की ओर इशारा करती है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और परिजनों व पड़ोसियों से पूछताछ भी की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात हमलावरों की तलाश में टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

About The Author

Share the News