एसआईआर कार्यों की प्रगति पर DM की सख्त नजरवाराणसी में औचक निरीक्षण, बीएलओ को त्वरित व शुद्ध सत्यापन के निर्देश

वाराणसी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज में फीडिंग व मैपिंग कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बूथवार अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों को गणना प्रपत्रों की शत-प्रतिशत सही मैपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षों में जाकर कार्मिकों से फॉर्म भरने, डेटा फीडिंग और सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसके पश्चात डीएम ने डीएवी पीजी कॉलेज, नरहरपुरा में संचालित एसआईआर कार्यों का भी निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित बीएलओ को अगले तीन दिनों की कार्ययोजना समझाते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची से बूथवार गणना प्रपत्रों की मैपिंग के दौरान जिन मतदाताओं ने फॉर्म जमा नहीं किया है, जो अनुपस्थित हैं, स्थानांतरित हो चुके हैं, मृतक हैं अथवा जिनकी प्रविष्टि दोहरी पाई गई है—उन्हें ASD (Absent, Shifted, Dead) श्रेणी में चिन्हित किया गया है।

डीएम ने निर्देश दिया कि सभी ASD मार्क मतदाताओं के घर जाकर पुनः भौतिक सत्यापन किया जाए, ताकि कोई भी वास्तविक मतदाता गलती से गलत श्रेणी में न आ जाए। सत्यापन के दौरान संबंधित परिवार अथवा पड़ोसियों से हस्ताक्षर लेकर पुष्टि सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

उन्होंने जानकारी दी कि जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र किसी कारणवश डिजिटाइज नहीं हो सके हैं, उनके लिए 10, 11 और 12 दिसंबर को तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही ASD सूची की क्रॉस-चेकिंग और सटीक मैपिंग के लिए अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ से जुड़े बीएलए के साथ बैठक कर ASD मतदाताओं पर विस्तृत चर्चा करें, उनकी सूची उपलब्ध कराएं और पारदर्शिता के लिए सूची को बूथ पर प्रदर्शित करें।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे।

About The Author

Share the News