ट्रैक्टर से कुचलकर महिला की मौत: सिंधोरा पुलिस ने मुख्य अभियुक्त प्रदुम्न चौबे को दबोचा

वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से कुचलकर महिला की मौत के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मवइया स्कूल के पास से अभियुक्त प्रदुम्न चौबे उर्फ ईलू चौबे (27), निवासी रूपचन्दपुर, को दबोच लिया। उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 209/2025 में BNS की धारा 115(2), 352, 351(2), 281, 125(a), 125(b) एवं 105 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

मामले के अनुसार, वादी वीरेंद्र कुमार चौबे ने 1 दिसंबर को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि 24 नवंबर की रात लगभग 10 बजे अभियुक्त प्रदुम्न चौबे और प्रदीप चौबे ट्रैक्टर लेकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज के बाद मारपीट व जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी दौरान दोनों ने तेज रफ्तार में ट्रैक्टर घर के बाहर घुमाना शुरू कर दिया। आरोप है कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से वादी की भाभी कलावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

सिंधोरा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

About The Author

Share the News