जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण: कटिंग मेमोरियल में SIR कार्यों की समीक्षा, आर्य महिला इंटर कॉलेज में बाल कवि सम्मेलन में सहभागिता

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार को कटिंग मेमोरियल इंटरमीडिएट कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथवार गणना प्रपत्रों की फीडिंग, मैपिंग और अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि 11 दिसंबर से पहले सभी कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं और फॉर्म भरने तथा सत्यापन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षों में जाकर कर्मचारियों से आज के कार्यों की प्रगति जानी और मैपिंग प्रक्रिया को तेज, सटीक और त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम विपिन कुमार सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार आर्य महिला इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां काशी सांसद बाल कवि सम्मेलन-2025 की वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित थी। चयनित छात्राओं ने काशी की संस्कृति, मां गंगा और वीरों की शौर्य गाथाओं पर आधारित ओजपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। जिलाधिकारी ने छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें ऐसे आयोजनों में निरंतर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

About The Author

Share the News