पूर्व मेयर प्रत्याशी शालिनी यादव के परिवार के फ्लैट में चल रहा था देह व्यापार**
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG-2) और सिगरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। लंबे समय से मिल रही शिकायतों और गोपनीय निगरानी के बाद की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया। दोनों स्थानों से कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 9 युवतियां और 4 युवक शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस को रजिस्टर, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक डेटा और कई आपत्तिजनक सामग्री मिली है। सभी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पकड़ी गई कुछ युवतियां बाहरी जिलों से लाई गई थीं, जिनसे पूछताछ में और महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। दोनों स्पा सेंटरों को सील कर दिया गया है।
शक्ति शिखा अपार्टमेंट का फ्लैट किराए पर; मालिकाना हक को लेकर राजनीतिक हलचल
सिगरा स्थित वीडीए के शक्ति शिखा अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 112 में चल रहे स्पा सेंटर में भी SOG-2 ने छापा मारा। अंदर देह व्यापार में शामिल युवक-युवतियों की गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक रूप से गर्म हो गया है।
जांच में सामने आया कि यह फ्लैट पूर्व महापौर प्रत्याशी और भाजपा नेता शालिनी यादव के पति अरुण यादव के नाम है। फ्लैट को कुछ समय पहले किराए पर दिया गया था। पुलिस अब किरायेदारी अनुबंध, फ्लैट सौंपने की प्रक्रिया और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।
फ्लैट के आसपास रहने वालों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से अपार्टमेंट में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की संख्या बढ़ी थी, जिस पर पहले भी सवाल उठे थे। छापेमारी ने इन सभी शंकाओं की पुष्टि कर दी।
अन्य स्पा सेंटरों पर भी कस रहा शिकंजा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहर में सिगरा, महमूरगंज, भेलूपुर और कैंट क्षेत्र के कई स्पा सेंटरों के खिलाफ भी शिकायतें मिली हैं। SOG और स्थानीय पुलिस ने ऐसे केंद्रों की सूची तैयार कर ली है, जहाँ जल्द ही अगले चरण में कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल अवैध गतिविधियों को रोकना नहीं, बल्कि उन संगठित नेटवर्कों को खत्म करना है, जो शहर में गुपचुप तरीके से सक्रिय हैं।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ