माघ मेला–2026 की तैयारी तेज: जीएम उदय बोरवणकर ने झूसी व प्रयागराज रामबाग स्टेशनों का किया निरीक्षण

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने रविवार को माघ मेला–2026 की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के साथ झूसी और प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया। दोनों स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।

झूसी रेलवे स्टेशन पर जीएम ने प्लेटफॉर्म, यात्री शेड, पैदल उपरिगामी पुल, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, खान–पान स्टाल, वाटर बूथ, स्टेशन भवन और सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने महाकुंभ के दौरान निर्मित यात्री आश्रय केंद्रों, प्रसाधन, वॉटर बूथ और टिकट काउंटरों को माघ मेला अवधि में पुनः संचालित करने के निर्देश दिए। स्टेशन परिसर में साफ-सफाई और बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त प्रबंधन की तैयारी करने को भी कहा।

महाप्रबंधक ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए प्रवेश–निकास मार्ग, यात्री आश्रय केंद्रों और टिकट काउंटरों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन और भीड़ प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा कर कार्रवाई योजना तैयार करने का निर्देश दिया।

इसके बाद प्रयागराज रामबाग स्टेशन पर भी जीएम ने भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने महाकुंभ के समय बनी व्यवस्थाओं को माघ मेला–2026 के दौरान पुनः उपयोग में लाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने गार्ड/लोको पायलट रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं व भोजन की गुणवत्ता परखी। साथ ही स्टेशन की रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर रख-रखाव सुधारने, ग्रीन बेल्ट विकसित करने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामाकृष्णन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Share the News