सोनभद्र खदान हादसा: ओबरा पुलिस ने चार वांछित अभियुक्तों को किया गिरफ्तार, खतरनाक रेस्क्यू में दिखाई बहादुरी

सोनभद्र। बिल्ली मारकुण्डी स्थित कृष्णा माइनिंग वर्क्स की खदान में 15 नवंबर 2025 को हुए भीषण हादसे में सात मजदूरों की मौत के बाद ओबरा पुलिस ने कार्रवाई को तेज करते हुए चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अचानक खिसकने से हुए इस हादसे के बाद थाना ओबरा में धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

रेस्क्यू के दौरान दिखा पुलिस व आपदा टीमों का साहस
हादसे की सूचना मिलते ही ओबरा पुलिस, फायर सर्विस और आसपास की पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं। खदान की बेहद नाजुक और खतरनाक स्थिति के बीच राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। जोखिम भरे माहौल में भी पुलिस ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार रेस्क्यू अभियान जारी रखा। बाद में एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की विशेष टीमें भी पहुंचीं और आधुनिक उपकरणों की मदद से कई घंटों तक अभियान चलाकर मजदूरों को बाहर निकाला गया तथा क्षेत्र को सुरक्षित किया गया।

चार अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ओबरा विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त—

  • अनिल कुमार झा, निवासी दरभंगा (बिहार)
  • अजय कुमार, निवासी बिल्ली पोखरा, ओबरा
  • गौरव सिंह, निवासी बीआईपी रोड, ओबरा
  • चन्द्रशेखर सिंह, निवासी अग्रवाल नगर, ओबरा

सभी अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

ओबरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। खनन कार्य में लापरवाही, अवैध गतिविधियों या हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

About The Author

Share the News