ऊर्जा मंत्री ने बिजली व्यवस्था की बड़ी सर्जरी शुरू की: गांव-गांव कैंप, आपदा बिल राहत योजना का मेगा प्रचार और बांस-बल्ली पर तारों की तुरंत छुट्टी

वाराणसी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PuVVNL) मुख्यालय में विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की और बिजली व्यवस्था में व्यापक सुधार की दिशा में कड़े निर्देश जारी किए। मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा विद्युत सुरक्षा मानकों पर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आपदा बिल राहत योजना का मेगा प्रचार—”हर उपभोक्ता तक पहुंचे लाभ”

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा बिल राहत योजना 2025–26 का बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अधिकतम उपभोक्ता इससे लाभान्वित हो सकें। इसके लिए गांव-गांव शिविर लगाने, फील्ड टीमों को सक्रिय रखने और मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

बांस-बल्ली पर तारों की तुरंत छुट्टी, सुरक्षित ढांचा प्राथमिकता

ग्रामीण क्षेत्रों में बांस-बल्ली पर चल रही अस्थायी विद्युत आपूर्ति को मंत्री ने गंभीर सुरक्षा खतरा बताया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसी सभी व्यवस्थाओं को तत्काल हटाकर सुरक्षित और स्थायी ढांचा तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए।

विजिलेंस टीम को सख्त निर्देश—विद्युत चोरी पर जीरो टॉलरेंस

मंत्री ने विजिलेंस टीम को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई करने का आदेश देते हुए कहा कि विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण बेहद आवश्यक है। इस दिशा में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पूर्वांचल में आपूर्ति बेहतर, 16 में से 13 उप-स्टेशनों पर काम शुरू

MD शंभू कुमार ने बताया कि पूर्वांचल में विद्युत आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक है। ओवरलोड ट्रांसफॉर्मरों का उच्चीकरण तेज गति से जारी है।
प्रस्तावित 16 नए सब-स्टेशनों में से 13 पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। एयरपोर्ट एक्सटेंशन से जुड़े विद्युत कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं।

बैठक में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित PuVVNL के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Share the News