नियम पुनरीक्षण समिति की वाराणसी बैठक: विभागीय प्रगति, राजस्व उपलब्धियों और साइबर सुरक्षा पर फोकस

वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की नियम पुनरीक्षण समिति की बैठक मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में कार्यकारी सभापति हरिओम पांडेय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समिति सदस्य आशुतोष सिन्हा, राय धर्मेन्द्र सिंह एवं डॉ. के. पी. श्रीवास्तव मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ और ओडीओपी उत्पाद इमरती भेंट कर किया गया।

बैठक में पिछले तीन वर्षों में अल्पसूचित, तारांकित व अतारांकित प्रश्नों के साथ प्राप्त याचिकाओं तथा सदस्यों के पत्रों पर की गई कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई।

साइबर सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर प्रस्तुति

गृह विभाग की ओर से पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने अपराधियों की ट्रैकिंग सिस्टम, साइबर सेल की कार्यप्रणाली तथा एआई के दुरुपयोग से बचाव हेतु अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी।

जौनपुर की उपलब्धियों पर समिति की सराहना

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि जनपद जौनपुर पिछले एक वर्ष से राजस्व वादों के निस्तारण में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। साथ ही समर्थ पोर्टल और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में भी जनपद अव्वल है। समिति ने इन उपलब्धियों पर प्रशस्ति पत्र देने की संस्तुति की।

यातायात, स्वच्छता और विभागीय प्रगति की समीक्षा

बैठक में जनपद की यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटना रोकथाम और भूमि अधिग्रहण की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
जिला पंचायत राज अधिकारी से सफाई कर्मियों की संख्या एवं कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
डीएफओ से पौधरोपण व ट्री गार्ड की स्थिति, जबकि उद्यान विभाग से बीज उपलब्धता व वितरण पर विस्तृत विवरण मांगा गया।

अंत में जिलाधिकारी ने समिति को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News